ईरान के टेलीवीजन चैनल-2 के कार्यक्रम न्यूज़ टॉक में बात करते हुए सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता कैवान ख़ुसरवी ने स्पष्ट किया कि ईरान और तालेबान के बीच होने वाली वार्ता, अफ़ग़ानिस्तान में विभिन्न धड़ों के बीच मतभेदों में कमी का कारण बनेगी।
सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता ने कहा कि तालेबान और ईरान के बीच वार्ता का क्रम जारी रहेगा और इस बारे में मीडिया को शीघ्र अवगत कर दिया जाएगा।
श्री कैवान ख़ुसरवी ने सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली शमख़ानी के एक दिवसीय अफ़ग़ानिस्तान के दौरे की ओर संकेत करते हुए कहा कि इस दौरे के अवसर पर अफ़ग़ान अधिकारियों के साथ इस देश की सुरक्षा और शांति की स्थापना के बारे में विचार विमर्श किया गया।
उन्होंने अफ़ग़ानिस्तान से सीमित स्तर पर सैनिकों को निकालने के अमरीकी फ़ैसले की ओर संकेत करते हुए इसे अफ़ग़ानिस्तान और सुरक्षा संस्थाओं को मज़बूत बनाने का बेहतरीन अवसर क़रार दिया।